गोपालगंज :- दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले का प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ किया कि सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना किसी भी पंडाल को लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा।
पिछले वर्षों की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण टीम में सदर एसडीएम अनिल कुमार, एसडीपीओ प्रांजल, नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और बिल्डिंग विभाग के अधिकारी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान आयोजकों को सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारी को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

