गोपालगंज। श्रम कल्याण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ी सौगात दी। बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में निबंधित 16,04,929 निर्माण श्रमिकों को 5000 रुपये प्रति श्रमिक की दर से 802 करोड़ 46 लाख रुपये वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे खातों में हस्तांतरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं के लिए डैडम्, सार्वजनिक उपक्रमों एवं सरकारी संस्थानों में इंटर्नशिप हेतु नियोजन एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए एक वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जिला सभागार, गोपालगंज में जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त की गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की गई। मुख्य अतिथि ने श्रमिकों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के बिहार सरकार के संकल्प की जानकारी दी।

जिला पदाधिकारी, गोपालगंज ने श्रम अधीक्षक और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बीओसीडब्ल्यू (BOCW) के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभुकों को शामिल करना सुनिश्चित करें।

इसी कड़ी में श्रम अधीक्षक, गोपालगंज द्वारा समाहरणालय प्रांगण में वृक्षारोपण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद कौशल विकास केंद्र के सभागार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए श्रमिकों के बीच श्रम कल्याण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें श्रमिकों को श्रम संसाधन विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, वरीय पत्रकार, इंटक अध्यक्ष ताहीर हुसैन, कंस्ट्रक्शन लेबर यूनियन अध्यक्ष कर्ण प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *