गोपालगंज। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को जिले के सभी थाना परिसरों में पुलिस पदाधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था।
एसपी के निर्देश पर वरीय अधिकारी विभिन्न थानों में पहुंचे और पदाधिकारियों को बूथ सत्यापन, संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों की सूची तैयार करने तथा उन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
नगर थाना परिसर में डीएसपी विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी।
महम्मदपुर थाना परिसर में निरीक्षक किशोर चौधरी ने चुनाव ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने की बात कही। जादोपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष मोहन कुमार पंडित ने कानून व्यवस्था व सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विशंभरपुर में सर्किल इंस्पेक्टर ने मतदान केंद्रों पर तैनाती, गश्ती व्यवस्था और अन्य जिम्मेदारियों से पदाधिकारियों को अवगत कराया।
अधिकारियों ने साफ किया कि हर पुलिस पदाधिकारी को सतर्क रहना होगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और जिले में शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराया जा सके।
