गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के पीपरहिया गांव में शनिवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान पड़ोसियों ने चाकू से हमला कर एक ही परिवार के चार लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
घटना में घायल सुनील यादव, माधो यादव, संजीव यादव और रिशु कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से बरौली सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुनील यादव और पड़ोसियों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। शनिवार को विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश का विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज के बाद चाकू से हमला कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
