गोपालगंज। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में विश्वास की भावना को मजबूत करने के लिए रविवार (21 सितंबर 2025) की सुबह जनपदीय पुलिस ने “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया। यह अभियान सुबह 5 बजे से 8 बजे तक चला।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के तहत आमजन से सीधा संवाद स्थापित करना, छोटे विवादों का सामुदायिक स्तर पर समाधान करना और मित्र पुलिसिंग की भावना को मजबूत करना था।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। चोरी की गाड़ियों पर नजर रखी गई, तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही महिलाओं व बच्चियों पर फब्तियां कसने वालों, तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों, अवैध असलहा और मादक पदार्थ रखने वालों पर भी सख्त निगरानी रखी गई।
पुलिस ने मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से संवाद कर अभियान की जानकारी दी। आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष जताया।
जनपदीय पुलिस ने जिलेभर में 28 स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान कुल 511 व्यक्तियों और 290 वाहनों की जांच की गई तथा नियमों का पालन न करने पर एक वाहन का ई-चालान भी किया गया।
