देवरिया के राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में 10वां आयुर्वेद दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग द्वारा चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर और जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में औषधीय पौधों का वितरण किया गया और हरी झंडी दिखाकर जन-जागरूकता रैली को रवाना किया गया। आयुष मंत्रालय की पहल पर देशभर में आयोजित हो रहे इस विशेष दिवस पर लोगों को आयुर्वेद अपनाने और प्राकृतिक चिकित्सा को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की जांच की गई और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार के महत्व को बताया गया। करीब 400 से अधिक मरीजों ने इस शिविर का लाभ उठाया।

शिविर स्थल पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, विभिन्न चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। मंच का संचालन डॉ. जितेंद्र यादव ने किया।

इस अवसर पर आयुर्वेद के महत्व को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा से जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *