देवरिया, 10 अक्टूबर 2025।
आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व को देखते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी देवरिया के निर्देशन में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान महुआडीह चौराहे पर स्थित मिठाई की दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान तीन दुकानों पर छापेमारी की गई, जहां से पनीर का एक नमूना और छेना मिठाई के दो नमूने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संग्रहित किए गए।
जांच में मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त पाए जाने पर लगभग 17 किलोग्राम रंगीन लड्डू और 6 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त, नगर पालिका पुरवा चौराहा स्थित विजय स्वीट्स से गुलाब जामुन का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।
अब तक इस विशेष अभियान के तहत कुल 11 छापेमार कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें 16 खाद्य नमूने लिए गए हैं। वहीं, अस्वच्छ वातावरण में रखी गई 46 किलोग्राम दूषित मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹11,060 है, को भी नष्ट किया गया है।
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर ग्राहक संतुष्टि फीडबैक स्टीकर लगाए गए और पाई गई कमियों के सुधार हेतु सुधार सूचना जारी की गई। सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
नमूना संग्रह की कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद्र, घनश्याम वर्मा, राम यादव एवं नेहा त्रिपाठी शामिल रहे।
