देवरिया, 10 अक्टूबर 2025।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में आज अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार तिवारी ने वन स्टॉप सेंटर देवरिया का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों का संरक्षण किया जाना समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को महिलाओं के सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील व सजग रहना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज मनोज कुमार तिवारी ने वन स्टॉप सेंटर में आवासित 6 संवासिनियों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। उन्होंने भोजन, पानी, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

सचिव श्री तिवारी ने केन्द्र प्रबंधक नीतू भारती को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता हो, उनके मामलों को चिन्हित कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में संदर्भित करें, ताकि उन्हें नि:शुल्क विधिक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा हेतु निरंतर कार्यरत है, और इस दिशा में समाज के सभी वर्गों को सहयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *