देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के सेंट्रल सभागार में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) देवरिया के तत्वावधान में रविवार को व्यापक मधुमेह सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मधुमेह के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई गई और इसके बचाव एवं उपचार पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनजागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। मधुमेह से बचाव के लिए जागरूकता, नियमित जांच और जीवनशैली में सुधार बेहद जरूरी है।
डॉक्टरों ने बताया कि मधुमेह एक गंभीर रोग है, जो नियंत्रित न होने पर अन्य बीमारियों को जन्म देता है। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और रक्त शर्करा की समय-समय पर जांच की सलाह दी। विशेषज्ञों ने लोगों से फल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त आहार लेने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में आईएमए उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. पी. के. अग्रवाल, आरएसएसडीआई उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. नरसिंह वर्मा, सचिव डॉ. अजय तिवारी, आईएमए देवरिया के अध्यक्ष डॉ. भारत उपाध्याय, आयोजक अध्यक्ष डॉ. वारेश नागराथ, सचिव डॉ. नविंदु राय और आयोजक सचिव डॉ. पवन त्रिपाठी मौजूद रहे।
