देवरिया। मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आज भारत भारती श्री यमुना जगन्नाथ इंटर कॉलेज, भरथुआ, थाना खुखुंदू में महिला कल्याण विभाग द्वारा “शक्ति संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में नीतू भारती (केंद्र प्रशासक, वन स्टॉप सेंटर, देवरिया) और मीनू जायसवाल (मनोवैज्ञानिक) ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर महिला सुरक्षा, शिक्षा का महत्व, आत्मनिर्भरता, बाल विवाह निषेध, महिला हिंसा निवारण और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला शक्ति केंद्र, कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें प्रेरित किया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या भेदभाव की स्थिति में निःसंकोच सहायता लें।
मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल ने बच्चों को सकारात्मक सोच, आत्म-देखभाल और मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए। कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और समाधान प्राप्त किए।
विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की और महिला सशक्तिकरण तथा लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
