गोपालगंज। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत जिले की छह विधानसभा सीटों पर नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। तीसरे दिन बरौली और भोरे (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बरौली सीट से निर्दलीय सीता देवी ने जबकि भोरे सीट से जन सुराज पार्टी की प्रीति किन्नर ने पर्चा दाखिल किया।

अब तक तीन दिनों में बरौली से दो, हथुआ और भोरे से एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन किया है, जबकि बैकुंठपुर, गोपालगंज और कुचायकोट सीटों से नामांकन दाखिला अभी शुरू नहीं हो सका है।

समाहरणालय और हथुआ अनुमंडल कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। दंडाधिकारी से लेकर पुलिस बल तक पूरी तरह सतर्क नजर आए। वीडियोग्राफर की टीम ने पूरे नामांकन प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग की। प्रत्याशियों और अभिकर्ताओं के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क पर लगातार जानकारी लेने वालों की भीड़ लगी रही।