दीपावली के नजदीक आते ही बाजारों में मिलावटी मिठाइयों का कारोबार तेजी पकड़ चुका है। लालच में कुछ दुकानदार और कारोबारी सिंथेटिक रंगों व घटिया सामग्री से बनी मिठाइयां बाजार में बेच रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार छापेमारी के बावजूद मिलावटखोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
शहर के बाहर बने अस्थाई कारखानों में बर्फी, लड्डू, पेड़ा और छेना जैसी मिठाइयां तैयार की जा रही हैं, जिनमें मिलावटी घी और नकली फ्लेवर का इस्तेमाल हो रहा है। इन मिठाइयों को असली बताकर दुकानों पर बेचा जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी मिठाइयों के सेवन से फूड पॉइजनिंग, गैस्ट्रो एंट्राइटिस और लीवर-किडनी संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मिठाई खरीदते समय सतर्क रहें और केवल भरोसेमंद दुकानों से ही सामान खरीदें।
