देवरिया: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत जनपद में पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में बरहज और सुरौली थाना क्षेत्रों सहित जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों और गांवों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।

थाना बरहज की मिशन शक्ति टीम में उप निरीक्षक सर्वेश सिंह, उप निरीक्षक संतोष यादव, कांस्टेबल बबलू गिरी, महिला आरक्षी रजनी सिंह, सीमा यादव और प्रियंका यादव शामिल रहीं। टीम ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, बारादीक्षित में छात्राओं को सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों जैसे डॉयल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में जानकारी दी।

वहीं, थाना सुरौली की मिशन शक्ति टीम — उप निरीक्षक हरिकृष्ण यादव, कांस्टेबल बिलाल अंसारी, महिला हेड कांस्टेबल चांदमती और इंदुबाला — ने श्री बबन सिंह इंटर कॉलेज, सिंगही में छात्राओं को इन हेल्पलाइन नंबरों के महत्व और उपयोग के बारे में बताया।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए “बहू-बेटी अभियान” के तहत थाना बरहज टीम ने ग्राम बारादीक्षित में और थाना सुरौली टीम ने ग्राम पकही बरामद राजपूत में चौपाल का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मरक्षा करने और जरूरत पड़ने पर सरकारी सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पम्पलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और जागरूक किया।