देवरिया: अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सलेमपुर पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त विवेक कुमार गौतम पुत्र कोमल प्रसाद, निवासी कुईचवर थाना भलुअनी, जनपद देवरिया को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के पास से एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अभियुक्त विवेक कुमार गौतम के विरुद्ध थाना सलेमपुर पर मुकदमा संख्या 178/25, धारा 2(B)(XVII) व 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। अभियुक्त मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन द्वारा 25,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में सलेमपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीती रात इटहुआ-चंदौली मार्ग के पास से उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ थाना सलेमपुर पर मुकदमा संख्या 314/25, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी वांछित अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।