देवरिया: जनसेवा के उच्च आदर्शों को हृदय में धारण कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले पुलिस जवानों की स्मृति में आज देवरिया पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्री संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर श्री मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी श्री अंशुमान श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी बरहज श्री राजेश चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी श्रीमती विनी सिंह, तथा प्रतिसार निरीक्षक श्री विजय राज सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संदेश को पढ़कर सुनाया और बीते एक वर्ष में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को याद किया।
उन्होंने कहा कि “पुलिस कर्मियों का कर्तव्य पथ कठिन और जोखिम भरा होता है, परंतु जनसेवा के उच्च आदर्शों के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ये वीर सदा अमर रहेंगे।”
पुलिस स्मृति दिवस की परंपरा 21 अक्टूबर 1959 से शुरू हुई थी, जब लद्दाख के हॉट-स्प्रिंग क्षेत्र में सीआरपीएफ के 10 वीर जवान चीन के सैनिकों से भिड़ते हुए शहीद हुए थे। उन्हीं की शहादत की याद में हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।

