बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत गोपालगंज जिले में चुनाव ड्यूटी में तैनात शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, ड्राइवरों और अन्य कर्मचारियों के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया कल से शुरू होगी। इसके लिए जिले में तीन फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं—सदर प्रखंड के बसडीला स्थित सीबीएसई पब्लिक स्कूल, तुरकहा के एम.एम. उर्दू हाईस्कूल और थावे के डीएवी प्लस पब्लिक स्कूल।

यह विशेष मतदान केवल उन्हीं कर्मियों के लिए होगा जिन्हें द्वितीय प्रशिक्षण (सेकंड ट्रेनिंग) का पत्र जारी किया गया है। जिन कर्मियों को यह पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपने निर्धारित बूथ पर 6 नवंबर को मतदान करेंगे।

जिला सभागार में गुरुवार को आयोजित विशेष प्रशिक्षण के दौरान वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्य ने बताया कि तीनों फैसिलिटेशन सेंटरों के लिए अलग-अलग मतदान दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल के प्रभारी अधिकारी सुबह 9 बजे जिला कार्यालय से पोस्टल बैलेट से जुड़ी सभी सामग्री प्राप्त करेंगे।

मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले कर्मियों का पहचान सत्यापन अनिवार्य होगा। इसके लिए उनसे द्वितीय प्रशिक्षण पत्र, पिन नंबर और निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 13 पहचान पत्रों में से किसी एक की प्रस्तुति मांगी जाएगी। सत्यापन के बाद ही उन्हें मतदान की अनुमति दी जाएगी।

गोपालगंज जिले के निवासी कर्मियों के लिए मतदान 24, 25 और 26 अक्टूबर को निर्धारित है, जबकि अन्य जिलों के निवासी कर्मियों के लिए 28 और 29 अक्टूबर को मतदान की व्यवस्था की गई है।