देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के अंतर्गत अपराध नियंत्रण, गो-तस्करी पर रोक और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के बॉर्डर इलाकों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। उन्होंने खरोह बॉर्डर (थाना गौरीबाजार), हाटा बॉर्डर (थाना महुआडीह), बोहापार बॉर्डर (थाना रुद्रपुर) और असवनपार रकहट कराहकोल बॉर्डर (थाना एकौना) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कैमरों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्डिंग, एंगल सेटिंग और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की विस्तार से जांच की गई। एएसपी ने निर्देश दिया कि सभी कैमरे हमेशा सक्रिय रहें, ताकि सीमावर्ती इलाकों से होने वाली गो-तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

संबंधित थाना प्रभारियों को सीसीटीवी की नियमित मॉनिटरिंग, रिकॉर्डिंग बैकअप सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। साथ ही रात्रिकालीन गश्त और पुलिस पिकेट की मजबूती पर भी जोर दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील की और सीसीटीवी लगाने के लिए प्रेरित किया, ताकि पुलिस-जन सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।