देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनता में विश्वास की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार की सुबह “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। यह अभियान सुबह 5 बजे से 8 बजे तक पूरे जनपद में एक साथ संचालित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देना, छोटे-मोटे विवादों को समुदायिक स्तर पर सुलझाना और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा जगाना रहा।
पुलिस टीमों ने इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच, चोरी की गाड़ियों की तलाशी, तीन सवारी, मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों और नाबालिग चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही, अवैध असलहा और मादक पदार्थों पर भी विशेष नजर रखी गई।
जनपद भर में कुल 25 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें 517 व्यक्तियों और 298 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 1 वाहन के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
जनसामान्य ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहतर महसूस हो रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि आमजन में सुरक्षा, शांति और विश्वास की भावना बनी रहे।
