कालाजार उन्मूलन की तैयारी का जायजा लेने के लिए भारत सरकार की दो सदस्यीय टीम, डॉ. रजत रंजन और डॉ. मोबेसीर ने गुरुवार को जिला मलेरिया कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा का निरीक्षण किया। टीम ने कालाजार से बचाव, मरीजों के उपचार और रिकॉर्ड प्रबंधन से जुड़े जिला एवं ब्लॉक स्तर के अभिलेखों की विस्तृत जांच की।
निरीक्षण की शुरुआत जिला मलेरिया कार्यालय से हुई, जहां जिला मलेरिया अधिकारी सी.पी. मिश्रा ने टीम को दस्तावेजों की जानकारी दी और प्रभावित गांवों व मरीजों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा में उपचार व्यवस्था, मरीजों की संख्या, उनके स्वास्थ्य की निगरानी और किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। टीम ने कालाजार पीड़ितों की सूची देखी और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा मरीजों की देखभाल की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान टीम सीएमओ कार्यालय भी पहुंची, जहां सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कालाजार उन्मूलन से संबंधित उपलब्ध तैयारियों और दस्तावेजों से टीम को अवगत कराया।

