देवरिया। रिज़र्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने परेड की सलामी ली और संपूर्ण परेड का निरीक्षण किया। परेड में पुलिस लाइन का बल, विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मी तथा प्रशिक्षणाधीन महिला रिक्रूट आरक्षी शामिल रहीं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जवानों की शारीरिक व मानसिक फिटनेस को ध्यान में रखते हुए दौड़ का आयोजन किया गया। साथ ही अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने हेतु टोलीवार ड्रिल भी कराई गई।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, यूपी 112 पीआरवी, पुलिस कैंटीन और मेस का निरीक्षण किया। यूपी 112 पीआरवी में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड किट सहित अन्य उपकरणों का अवलोकन कर साफ-सफाई, रखरखाव और निर्बाध संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

