प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पथरदेवा–विशुनपुरा मार्ग का निर्माण पूरा, 13 करोड़ की लागत से मिली नई सुविधा
देवरिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत पथरदेवा–विशुनपुरा मार्ग का लगभग 11 किलोमीटर लंबा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा 1290.93 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सड़क पथरदेवा विकासखंड के देवरिया धूस चौराहे से मुरार छापर, नेरुआरी, शाहपुर शुक्ल और गुरमिहा होते हुए विशुनपुरा तक पहुंचती है तथा रामपुर अवस्थी मार्ग से होकर बिहार राज्य को जोड़ती है। बिहार बॉर्डर से सटे होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है।
पूर्व में सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन बाधित रहता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। क्षेत्रीय जनता की मांग पर विधायक एवं प्रदेश के कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसके बाद केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इसे मंजूरी प्रदान की गई। मात्र 13 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह मार्ग परिवहन सुगम बनाने के साथ व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।

