दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज, गंभीर घायलों को सदर अस्पताल रेफर
फुलवरिया। मजिरवा कला टोला भरपूरवा गांव में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया और दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायल महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया गया।
घायलों में पुष्पा कुमारी, कुसुम देवी, लखन कुमार, कैलाश गोंड, अंजली कुमारी, मुन्नी कुमारी, संजय शाह और मीरा देवी शामिल बताए गए हैं। इनमें एक पक्ष की पुष्पा कुमारी और दूसरे पक्ष की अंजली कुमारी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने फुलवरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज एवं जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश की गई थी, लेकिन समाधान न निकलने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मेडिकल रिपोर्ट एवं दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

