मांझागढ़ (गोपालगंज)। मांझागढ़ थाना परिसर में अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दरबार में भूमि विवाद से संबंधित कुल सात मामलों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से चार मामलों की सुनवाई करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं तीन मामलों का निष्पादन संबंधित राजस्व कर्मी की रिपोर्ट और दोनों पक्षों की उपस्थिति में किया गया।
जानकारी के अनुसार, हर शनिवार की तरह इस सप्ताह भी जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें मांझा अंचल क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। राजस्व विभाग के कर्मचारी द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन मामलों में समाधान निकाला गया और आदेश जारी किए गए।
इस संबंध में जानकारी अंचल कर्मी श्यामदेव मांझी ने पत्रकार सुदीश प्रसाद को दी। मौके पर राजस्व कर्मचारी शशिभूषण सिंह और अंचल चालक दीपक सिंह उपस्थित रहे।

