देवरिया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वाधान में विधान सभा पथरदेवा स्थित राजेश्वरी देवी रामसुभग सिंह महाविद्यालय, कुर्मी पट्टी पथरदेवा में सांसद/विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने फीता काटकर किया, जबकि समापन खंड विकास अधिकारी पथरदेवा द्वारा किया गया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में जीत हासिल की।
100 मीटर दौड़ बालक सब-जूनियर में किताबुदिन प्रथम रहे। 100 मीटर जूनियर वर्ग में सुदर्शन प्रथम स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में आतिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पाया, वहीं जूनियर बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में किताबुदिन विजेता बने।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अकटहीया विजेता और साहपुर भिखम उपविजेता घोषित किए गए। सीनियर वर्ग बालिका वॉलीबॉल में एमपीआईसी विजेता और रामचंद्र इंटर कॉलेज उपविजेता रहा। 400 मीटर बालक वर्ग में कुलदीप और बालिका वर्ग में प्रियंका प्रथम स्थान पर रहीं। लंबी कूद स्पर्धा में नितेश और सीनियर वर्ग में करण विजेता बने। फुटबॉल प्रतियोगिता में एमपीआईसी विजेता और कुर्मी पट्टी उपविजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन पर माननीय कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण पत्र, ट्रॉफी और प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को टी-शर्ट देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन शिवम पांडेय द्वारा किया गया।

इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा देवरिया पवन मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष जीपु शाही, खंड विकास अधिकारी पथरदेवा, जिला कृषि अधिकारी देवरिया, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निखिल, संतोष, आशीष, नीरज, अर्जुन, मंगल दल अध्यक्ष राहुल मल्ल और फुटबॉल कोच जय कुमार राव शामिल रहे।