देवरिया। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत करने, आमजन में सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने तथा सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज 06 दिसंबर 2025 को सुबह 05 बजे से 08 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” संचालित किया गया। अभियान के दौरान सभी थानाध्यक्षों और पुलिस टीमों ने पार्कों व सार्वजनिक स्थलों पर मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधा संपर्क कर मित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देना, छोटे विवादों का स्थानीय स्तर पर समाधान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक, दोपहिया पर तीन सवारी, मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी करना रहा। चेकिंग के दौरान वाहनों व व्यक्तियों की तलाशी और पूछताछ भी की गई। अवैध मादक पदार्थ, असलहा और चोरी की गाड़ियों की रोकथाम पर फोकस रखा गया।
जनसामान्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मॉर्निंग वॉक के समय पुलिस की मौजूदगी से सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। देवरिया पुलिस ने बताया कि आमजन की शांति, सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे।
चेकिंग अभियान के दौरान जनपदभर में कुल 19 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें 337 व्यक्तियों एवं 185 वाहनों की जांच की गई।

