गोपालगंज : जिला परिषद अध्यक्ष और सदस्य पद से सुभाष सिंह के इस्तीफे के बाद अब नए अध्यक्ष के चयन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 15 दिसंबर को कराया जाएगा। समाहरणालय परिसर में ही उसी दिन नामांकन, मतदान और अध्यक्ष पद की शपथ दिलाने की कार्यवाही पूरी की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए सुभाष सिंह ने जीत हासिल की और विधायक बनने के बाद डीएम पवन कुमार सिन्हा को जिला परिषद अध्यक्ष पद से इस्तीफा सौंप दिया। उनके इस्तीफे के बाद जिला प्रशासन ने रिक्त पड़े पद पर चुनाव कराने की दिशा में कार्रवाई शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक, जिला परिषद अध्यक्ष पद का लगभग आठ माह का कार्यकाल शेष है। इसको देखते हुए चार जिला परिषद सदस्य इस पद के लिए दावेदारी को लेकर तैयारी में जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव संबंधी सूचना सभी जिप सदस्यों को निर्वाचन विभाग के माध्यम से भेजी जा रही है। अध्यक्ष पद के लिए मतदान और अन्य प्रक्रियाएं समाहरणालय के सभागार भवन में सम्पन्न होंगी।