देवरिया : कसया थाना क्षेत्र के मिश्रौली नरकटिया गांव में फब्तियां कसने की बात को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ गया। रविवार को हुए इस विवाद में दोनों पक्षों के लगभग दस लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भेज दिया। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, नरकटिया खुर्द निवासी राजकुमार यादव और उनके साथी शनिवार की देर रात निमंत्रण से लौट रहे थे। इसी दौरान मिश्रौली में कुछ युवकों द्वारा फब्तियां कसी गईं, जिस पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। विवाद शांत होने के बाद रविवार सुबह कथित रूप से मिश्रौली के लगभग 20 से 25 लोग नरकटिया खुर्द पहुंचे और एक घर में घुसकर मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हुए।
मारपीट में दोनों पक्षों के दस से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका उपचार कसया सीएचसी में चल रहा है। कसया थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।
