देवरिया : जिले में कारोबारी कमलनयन तिवारी के अपहरण की बड़ी साजिश का पुलिस और एसटीएफ ने खुलासा किया है। आरोपियों की योजना थी कि कारोबारी का अपहरण कर उन्हें नेपाल ले जाया जाए और पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जाए। जानकारी यह भी सामने आई है कि फिरौती की राशि का आधा हिस्सा सूचना देने वाले स्थानीय युवक सूरज को देने की बात तय की गई थी। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाशों ने इस साजिश का खुलासा किया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी कई दिनों से महुआडीह थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित प्रदीप यादव के मुर्गी फार्म में ठहरे हुए थे और पड़री तिवारी गांव में रेकी कर योजना को अंतिम रूप देने में जुटे थे। यह गिरोह अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहा है और अपहरण, फिरौती व हत्या जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित यादव, सर्वेश यादव सहित कई अन्य के नाम सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात वारदात को अंजाम देने से पहले ही घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल होकर पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय भेज दिया गया है। घटना पर कारोबारी राजकिशोर तिवारी ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि उन्हें इस साजिश की कोई जानकारी नहीं थी और परिवार दहशत में है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों पर कई गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।