मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को डेटा वैलिडेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमओ ने HMIS पोर्टल पर डेटा की कमी पर गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधितों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, ताकि डेटा एंट्री व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, योजना और रिपोर्टिंग को मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध और सटीक डेटा अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर परिवार नियोजन के अंतर्गत कम प्रदर्शन वाली इकाइयों की पहचान और सुधार के लिए यह अनिवार्य है।
बैठक में इम्यूनाइजेशन, BCG, पेंटा, MR, ड्रॉप आउट, RI एंटीजन कवरेज, HMIS पोर्टल, संस्थागत प्रसव तथा दवा उपलब्धता से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत फीडबैक लिया गया। सीएमओ ने निर्देशित किया कि टीका उत्सव को पर्व की तरह मनाने के लिए प्रभावी योजना बनाई जाए। समुदाय में जागरूकता के लिए प्रभावशाली व्यक्तियों की सहायता लेकर टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवारों को प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए CHO, ANM, आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आपस में समन्वय बनाते हुए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि सभी आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के छूटे हुए बच्चों की विशेष सूची तैयार करें। सत्र से एक दिन पूर्व बुलावा पर्ची भेजकर बच्चों को सत्र स्थल पर उपस्थित कर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
