देसही देवरिया क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल गांव में साइबर जालसाजी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां बूथ संख्या 74 के बीएलओ सुशील कुमार भारती का व्हाट्सएप नंबर हैक कर मतदाता सूची से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा को अन्य ग्रुपों में भेज दिया गया। बीएलओ के अनुसार सोमवार को उनका व्हाट्सएप हैक कर मतदाताओं का एसआईआर डेटा, सरकारी सूचनाएं और व्यक्तिगत जानकारी सहित कई दस्तावेज 15 से अधिक व्हाट्सएप ग्रुपों में ट्रांसफर कर दिए गए।

मामले की जानकारी मिलते ही बीएलओ हैरान रह गए और इसे सरकारी डेटा प्रभावित करने वाली गंभीर घटना बताया। उन्होंने इस संबंध में साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है, जबकि संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।