गोपालगंज में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। सोमवार को पांचवें दिन भी नगर परिषद की टीम ने बुलडोजर के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। पोस्ट ऑफिस चौक से अंबेडकर चौक तक सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेलों और शेड को हटाया गया। कार्रवाई कई घंटों तक चली, जिससे अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप देखने को मिला।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक चरण में अस्थायी दुकानें और शेड हटाए जा रहे हैं। विधिवत नापी के बाद स्थायी निर्माणों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद का लक्ष्य सड़क और नाले को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करना है ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
लगातार अभियान से शहर की सड़कों में चौड़ाई बढ़ गई है और लोगों को यातायात में सुविधा मिल रही है। बताया जा रहा है कि यह अभियान आने वाले कई दिनों तक जारी रहेगा।

