देवरिया। चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति, संयुक्त पंचायत निकाय मोर्चा एवं संयुक्त महा मोर्चा के तत्वाधान में बैतालपुर चीनी मिल को पुनः चालू कराने तथा किसान हित की 14 अन्य मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा धरना आज अपने 1 वर्ष 325वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह मुद्दा पूर्वांचल का सबसे बड़ा जनआंदोलन बन चुका है, जिसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
धरना सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष बृजेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसान हित से जुड़ा यह मुद्दा लंबे समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री चार बार मिल को चलाने की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन अभी तक वादा धरातल पर नहीं उतर पाया है। उन्होंने सरकार से किसानों से किए गए आश्वासन को शीघ्र पूरा करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के गन्ना किसानों को राहत मिल सके।
धरना स्थल पर विकास दुबे, पंडित वेद प्रकाश, विजय शंकर, कर्मयोगी संजीव शुक्ला, मोनू तिवारी, उग्रसेन सिंह, अनूप कुमार सिंह, डॉ. चंद्रिका यादव, अनिल कुमार निषाद, सदानंद यादव, शंभूनाथ तिवारी, असलम, श्रीकांत, रामकृपाल चौहान, राजकुमार गोस्वामी, रामू प्रसाद, गुण और कृष्ण कुमार गोस्वामी सहित कई लोग मौजूद रहे।

