गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बघउच गांव में मंगलवार शाम से छह वर्षीय बच्ची झलक कुमारी के लापता होने से इलाके में दहशत और बेचैनी फैल गई है। श्रीराम गुप्ता की बेटी झलक मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर के दरवाजे पर खेल रही थी। कुछ देर बाद वह अचानक गायब हो गई, जिसके बाद परिजनों ने रात भर हर संभावित स्थान पर खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
24 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्ची का पता न चलने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दादा रामनाथ साह और अन्य स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं। ग्रामीणों की मदद से लगातार खोज जारी है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
परिजनों ने कुचायकोट थाने में सूचना देकर पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोग भी कहते हैं कि पुलिस टीम बनाकर व्यापक तलाश अभियान चलाए, ताकि मासूम को जल्द उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके। गांव में दहशत और उम्मीद, दोनों का माहौल बना हुआ है।
