जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के आदेशानुसार मंगलवार को कौशल विकास केंद्र, गोपालगंज के सभा कक्ष में जिला जन-संपर्क पदाधिकारी अनिल कुमार (बि.प्र.से.) की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, रिपोर्टर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला जन-संपर्क पदाधिकारी ने जिले की अद्यतन प्रगति, प्रमुख सरकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शिता, समयबद्धता और जनसरोकार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रशासन की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पत्रकारों द्वारा पूछे गए विविध प्रश्नों का विस्तृत उत्तर दिया गया तथा भविष्य में मीडिया और प्रशासन के बीच और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि प्रत्येक महीने जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा नियमित प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, ताकि जन जागरूकता बढ़ाने में मीडिया को आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध हों।

अंत में जिला जन-संपर्क पदाधिकारी अनिल कुमार ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और जिले के विकास कार्यों के प्रसार में उनके सहयोग की सराहना की।