पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान को सफलता मिली है। थाना श्रीरामपुर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में दो अभियुक्तों—अभिषेक सिंह और सरताज अली, निवासी सिरसिया पवार—को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में बीती रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों को प्रतापपुर रोड से पकड़ा गया। उनके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल BR 28Z 8643 बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 10 दिसंबर को वादी आदित्य कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 दिसंबर को भवानी छापर स्थित उनकी दुकान के सामने से मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी, जिसके बाद पुलिस विवेचना में जुटी थी।