विजयीपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर पड़ोस के लोगों ने दो सगे भाइयों पर टांगी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद दोनों घायल भाइयों को इलाज के लिए विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल भाइयों की पहचान नीतीश कुशवाहा और विपिन कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि उनके घर के पास स्थित जमीन को लेकर पिछले 13 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि रविवार को पड़ोस के लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो उन पर टांगी से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।