देवरिया जिले के वयस्क नागरिक अब घर बैठे ही वोटर लिस्ट में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए जिले की आधिकारिक वेबसाइट deoria.nic.in पर सभी सात विधानसभा क्षेत्रों की अपडेट मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद यह जरूर सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एएसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति ऐसा पाता है कि उसका नाम जारी मतदाता सूची से कट गया है, तो वह 26 दिसंबर तक आवेदन देकर पुनः अपना नाम जुड़वा सकता है। उन्होंने कहा कि समय रहते नाम की जांच और आवश्यक होने पर आवेदन करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द वोटर लिस्ट की जांच कर लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करें।