भटनी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नीलगायों का आतंक किसानों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। नीलगायों के झुंड दिन-रात खेतों में घुसकर गेहूं, सरसों, मटर और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
स्थानीय लोगों ने शनिवार को सलेमपुर के एसडीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। किसानों का कहना है कि छोटी गंडक नदी के किनारे बसे गांवों में नीलगायों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिन के समय ये नीलगाय जंगलों और बागों में छिपी रहती हैं, जबकि रात होते ही खेतों पर हमला कर देती हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि किसान पूरी रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, इसके बावजूद फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से नीलगायों के नियंत्रण और फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।
