खुखुंदू कस्बे में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

बाइपास मार्ग स्थित मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा एक से कक्षा दस तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन कबड्डी और खो-खो, दूसरे दिन क्रिकेट और बैडमिंटन तथा अंतिम दिन ऊंची कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने ऊंची कूद और खो-खो में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि कबड्डी, बैडमिंटन और क्रिकेट में छात्रों का दबदबा रहा। क्रिकेट प्रतियोगिता में गोपाल मद्धेशिया को मैन ऑफ द मैच और अभिनव कुमार को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।

समापन समारोह के दौरान आयोजन समिति द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।