गोपालगंज। शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में फुटपाथी दुकानदार सड़कों पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में दुकानदारों ने जुलूस निकालकर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिससे कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जो सीधे तौर पर उनके रोजगार और आजीविका पर हमला है। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें उचित स्थान या वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि फुटपाथ पर दुकान लगाना ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है।
जुलूस का नेतृत्व कर रहे माले नेता अजात शत्रु ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन का बुलडोजर अभियान गरीबों को उजाड़ने की साजिश है। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या के लिए फुटपाथी दुकानदारों को जिम्मेदार ठहराना गलत है। जाम का मुख्य कारण बड़ी गाड़ियों का अव्यवस्थित परिचालन है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी दुकानदारों पर डाली जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
