गोपालगंज। मांझागढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच लीटर देशी शराब के साथ एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब सप्लाई में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाबू टोला गांव में एक शराब तस्कर द्वारा शराब की सप्लाई किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तस्कर को धर दबोचा। उसके पास से पांच लीटर बंटी-बबली देशी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार शराब कारोबारी की पहचान मांझागढ़ थाना क्षेत्र के झझवा गांव निवासी बुधन महतो के पुत्र कमेश्वर महतो के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर शराबबंदी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शराबबंदी पूरी तरह सफल है, तो फिर शराब की सप्लाई और खुलेआम बिक्री कैसे हो रही है।
