गोपालगंज जिले में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने और विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय की छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मांझा प्रखंड में तीन एकड़ सरकारी जमीन पर स्कूल, गर्ल्स हॉस्टल और कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
प्रशासनिक स्तर पर इस योजना को गति देते हुए मांझा अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार और जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी की मौजूदगी में चिन्हित भूमि की पैमाइश कराई गई। सरकारी मानकों के अनुरूप चयनित इस भूखंड पर एक ही परिसर में शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए एक महाविद्यालय का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम होगी। गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण से उन छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा, जो छात्रावास की सुविधा न होने के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ देती हैं।
इस योजना से न केवल मांझा प्रखंड बल्कि पूरे जिले में छात्राओं की शिक्षा दर बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन ने पैमाइश प्रक्रिया पूरी कर फाइल को तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया के लिए आगे भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित हाईवे निर्माण परियोजना के अंतर्गत सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर गुजर-बसर कर रहे लोगों को हटाकर दो एकड़ जमीन पर बसाने की भी योजना है, जिसके लिए भूमि की तलाश जारी है।
