गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक ट्रैक्टर चालक को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।

जख्मी युवक की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव निवासी विनोद सिंह के 20 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीयूष कुमार अपने खेत से गन्ना लोड कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से हरखुआ स्थित चीनी मिल गया था। गन्ना गिराने के बाद वह ट्रैक्टर से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान भोजपुरवा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए पीठ में गोली मार दी।

घटना के बाद घायल युवक ने अपने मामा के बेटों को फोन कर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जख्मी हालत में उठाकर मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगी है और डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया है। फिलहाल घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।