गोपालगंज शहर के दरगाह मोहल्ला निवासी तेज गेंदबाज साकिब हुसैन के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। अबूधाबी में आयोजित आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में साकिब को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीद लिया। जैसे ही नीलामी में उनका नाम पुकारा गया और टीम ने बोली लगाई, पूरे गोपालगंज में जश्न का माहौल बन गया।

साकिब के चयन की खबर मिलते ही उनके घर और मोहल्ले में लोगों ने मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। यह उपलब्धि न सिर्फ साकिब और उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण बन गई। इससे पहले साकिब को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन इस बार सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ना उनके करियर के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।

साकिब की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और संघर्ष की लंबी कहानी है। उनके पिता अली अहमद हुसैन सऊदी अरब में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद साकिब ने निरंतर अभ्यास के बल पर आईपीएल जैसे बड़े मंच तक पहुंचकर जिले का नाम रोशन किया है। साकिब ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कोच और सहयोगियों को दिया।