गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दुलदुलिया गांव में  एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहर खाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। अचेत महिला की पहचान मुन्ना राम की पत्नी सोनी देवी के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह किसी बात को लेकर महिला का अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद पति द्वारा फटकार लगाए जाने से आहत होकर महिला ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

महिला की हालत बिगड़ने पर पति और परिवार के अन्य सदस्य उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल महिला की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। घरेलू विवाद के कारण उठाए गए इस कदम से गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।