मांझागढ़ (गोपालगंज) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगातार मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
विधायक ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवा वितरण व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाले भोजन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक मंजीत कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि ड्यूटी में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए और मरीजों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आम जनता से जुड़ी होती हैं, ऐसे में इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं है।
विधायक ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अन्य स्वास्थ्यकर्मी, जदयू व भाजपा कार्यकर्ता तथा ग्रामीण मौजूद रहे।
