तिलई बेलवा। सेहत सही लाभ कोई कार्यक्रम के अंतर्गत स्मार्ट संस्था और रेडियो रंग के संयुक्त तत्वावधान में तिलई बेलवा गांव में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की सही जानकारी देना और उन्हें योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान रेडियो रंग की टीम से आयुषी और कम्युनिटी रिपोर्टर एमके तिवारी ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान कार्ड के लाभ, पात्रता की शर्तें, कार्ड बनवाने की प्रक्रिया, इलाज की सुविधा तथा योजना के तहत मिलने वाले स्वास्थ्य सुरक्षा कवर के बारे में सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सुरक्षा मिलती है।

जागरूकता अभियान में स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिलती है, जिससे वे जरूरत के समय योजनाओं का पूरा लाभ ले सकें।