प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर में गुरुवार की अहले सुबह हुई बड़ी चोरी से जिले में हड़कंप मच गया। हाई सिक्योरिटी व्यवस्था के बावजूद चोर मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ाया गया करीब 51 लाख रुपये मूल्य का सोने का मुकुट समेत अन्य कीमती सोना-चांदी के आभूषण चुरा ले गए। चोरों ने मंदिर परिसर में बने लॉकर को तोड़ा और दानपेटी भी उठाकर फरार हो गए, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, चोर सीढ़ी और रस्सी के सहारे मंदिर में दाखिल हुए और कटर से ताले काटकर गर्भगृह तक पहुंचे। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर दानपेटी और आभूषण ले जाते नजर आ रहे हैं, जबकि उस समय कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं दिखा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने स्वयं कमान संभालते हुए जांच शुरू कराई और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटना की निंदा करते हुए सांसद, संतों, एमएलसी और सदर विधायक ने मंदिर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई और जल्द बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिया है।

