बखरा। गौरी बाजार–रुद्रपुर मार्ग पर इंदूपुर जोगम मोड़ के समीप बृहस्पतिवार की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जोगम गांव निवासी लालू निषाद (45) पुत्र कांता निषाद, उनकी पत्नी शांति देवी (40) तथा गांव के ही दीपू निषाद (25) पुत्र बेचन निषाद बृहस्पतिवार को किसी कार्य से गौरी बाजार गए थे। शाम करीब पांच बजे तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान इंदूपुर स्थित काली माता मंदिर के पास जोगम मोड़ पर रुद्रपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग बाइक सहित दूर जा गिरे और सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस संबंध में राहुल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
