शहर के आधा दर्जन मोहल्लों में गुरुवार को बिजली आपूर्ति करीब छह से सात घंटे तक बाधित रही। हजियापुर पावर हाउस से जुड़े टाउन-1 फीडर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखी गई, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण घरों की पानी टंकियां खाली हो गईं और लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हुई। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड के मौसम में बिजली गुल रहने से हीटर, इनवर्टर और मोबाइल चार्जिंग जैसे जरूरी काम भी ठप हो गए।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से पूर्व में किसी तरह की सूचना नहीं दी गई थी और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। अचानक बिजली कटने से इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों की नाराजगी बढ़ गई।

इस संबंध में बिजली विभाग के कर्मियों ने बताया कि थाना चौक सहित शहर के कुछ इलाकों में नंगे तार हटाकर कवरयुक्त केबल लगाने का कार्य किया जा रहा था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद रखी गई थी।

उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि पहले से सूचना दी जाती तो लोग आवश्यक तैयारी कर सकते थे और परेशानी कम होती। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह के कार्यों से पहले सार्वजनिक सूचना जारी की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।